हम थक सकते हैं, लेकिन हार नहीं सकते…

ज़िंदगी का सबसे कठिन समय वह नहीं होता, जब हमारे सामने समस्याएँ खड़ी होती हैं। सबसे कठिन समय वह होता है, जब समस्याएँ हमारे मन के भीतर घर बना लेती हैं। जब हमें हर रास्ता बंद दिखाई देने लगता है, हर कोशिश बेकार लगने लगती है और भविष्य धुँधला-सा नज़र आने लगता है।

ऐसे क्षण शायद हर इंसान की ज़िंदगी में आते हैं। कुछ लोग वहीं रुक जाते हैं, टूट जाते हैं और हार मान लेते हैं।

और कुछ लोग… थोड़ी देर के लिए टूटते हैं, बिखरते हैं, आँसू पोंछते हैं, किसी विश्वास का हाथ थामते हैं और फिर से उठ खड़े होते हैं। शायद यही इंसान की सबसे बड़ी ताकत है।

मेरी एक मित्र का जीवन, पिछले कुछ समय से ढेर सारी चुनौतियों से भरा हुआ है। थोड़े – थोड़े दिन बाद एक नयी चुनौती उसके सामने खड़ी होती है। संघर्ष जैसे उसके जीवन का हिस्सा बन गया है। कभी आर्थिक चुनौतियाँ, कभी ज़िम्मेदारियों का बोझ, कभी भविष्य की अनिश्चितता… और कभी-कभी तो ऐसा लगता है कि जैसे हर दिशा से तूफ़ान एक साथ उठ खड़ा हुआ हो।

कई बार वह बहुत निराश हो जाती है, टूट जाती है और यही कहती है “अब मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या होगा? कैसे होगा?…मुझे कोई दिशा नहीं मिल रही, ऐसा लग रहा है जैसे सारे रास्ते बंद हो गए हों।”

और सच कहूँ, पहले जब मैं उसे इस हालत में देखती थी, तो बहुत ज़्यादा घबरा जाती थी। मन में अनगिनत सवाल उठते थे…कैसे वो इस कठिन समय से निकल पाएगी? कैसे वो सब कुछ संभाल पायेगी? क्या इतनी लड़ाइयाँ कोई इंसान लगातार लड़ सकता है?

मैं पूरी-पूरी रात उसके बारे में सोचती रहती थी कि पता नहीं कल वो मुझे किस मानसिक स्थिति में मिलेगी।

लेकिन समय के साथ मैंने उसके व्यक्तित्व के बारे में एक बहुत सुन्दर बात सीखी। इसलिए अब मैं कभी भी उसे किसी बेहद कठिन दौर से गुजरते देखती हूँ, तो मुझे चिंता कम और विश्वास अधिक होता है कि वो सब संभाल लेगी। क्योंकि अब मुझे पता होता है, ऐसी हर निराशा भरी शाम के बाद अगली सुबह वो एक नए जोश, नए विश्वास और पहले से कहीं अधिक एनर्जी के साथ खड़ी मिलेगी।

उसके चेहरे पर सुकून होगा और वह मुस्कुराकर कहेगी,
“पता है, कल मैं बहुत निराश थी, लेकिन जब भी मैं इतना परेशान होती हूँ तब यूनिवर्स मुझे कुछ न कुछ इशारा ज़रूर करता है इसलिए ही वो मेरे सामने ऐसा कुछ ला देता है जिससे मुझे दिशा मिल जाती है। शायद आगे कुछ बहुत अच्छा है, इसलिए मैं रुकूंगी नहीं। मैं जानती हूँ मुझे क्या करना है, मैं तैयार हूँ, सब अच्छा ही होगा।”

और एक बार फिर वह अपनी लड़ाई में भरपूर जोश के साथ दोबारा उतर जायेगी।

पहले मुझे यह बात थोड़ी अजीब लगती थी। लेकिन धीरे-धीरे मैंने महसूस किया…

शायद ये बात यूनिवर्स की नहीं है। शायद ये बात उस ताकत की है जो हर इंसान के भीतर छिपी होती है। जब ज़िन्दगी हमें चारों तरफ से घेर लेती है, जब जिम्मेदारियाँ हमारे कंधों पर पहाड़ बनकर खड़ी होती हैं, तब हमारे पास हार न मानने और ख़ुद को फिर से उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। हमारा मन ख़ुद ही हमारा विश्वास, हमारी हिम्मत, हमारी ताकत, हमें फिर से याद दिलाने के तरीके खोजने लगता है।

मैंने भी अपने जीवन में कई संघर्ष देखे हैं लेकिन मैंने कभी यह महसूस नहीं किया कि यूनिवर्स मुझे कोई संकेत दे रहा है। हाँ, इतना ज़रूर महसूस किया कि जब भी मैं जीवन से निराश हुई, टूटने लगी, तब मेरा मन ख़ुद ही उससे निकलने का रास्ता ढूँढने लगा। मैंने किसी ना किसी बात, इंसान, प्रसंग को अपनी प्रेरणा बनाकर, उस कठिन समय से निकलने का सहारा ढूंढ लिया।

हम सब ऐसा ही करते हैं।
कोई भगवान में शक्ति ढूँढता है।
कोई अपने माता-पिता के संघर्षों को याद करता है।
कोई किसी दोस्त की कही हुई एक बात को पकड़कर आगे बढ़ता है।
कोई किसी किताब के एक वाक्य में उम्मीद खोज लेता है।|
और कोई यूनिवर्स के संकेतों में अपना सहारा ढूँढ लेता है।

असल में हम प्रेरणा नहीं खोज रहे होते, हम अपने भीतर छिपी हुई उस ताकत तक पहुँचने का रास्ता खोज रहे होते हैं जो मुश्किल समय में कहीं दब जाती है।

मनोविज्ञान की भाषा में इसे शायद “Coping Mechanism” कहते हैं।

लेकिन मैं इसे इंसान होने की पहचान और उसकी ख़ूबसूरती कहती हूँ।

और शायद इसी वजह से कुछ लोग बार-बार टूटकर भी हारते नहीं क्योंकि सच तो ये है कि उनके पास हारने का विकल्प होता ही नहीं।

जब परिस्थितियाँ क्षमता से अधिक लगने लगती हैं, तब हमारा मन हमें टूटने से बचाने के लिए किसी न किसी नाम का सहारा खोज लेता है। लेकिन सच यह है कि ये तलाश बाहर की नहीं, अपने भीतर की होती है। ज़रूरी यह नहीं कि उस ताकत का नाम क्या है, ज़रूरी यह है कि उसने हमें फिर से आगे बढ़ने का साहस दिया।

कुछ लोग ऐसे ही होते हैं जिन्होंने शायद हारना सीखा ही नहीं होता। मुझे लगता है, वे लोग हार इसलिए नहीं मानते क्योंकि वे बहुत मजबूत होते हैं। बल्कि वे इसलिए नहीं हारते क्योंकि उनके पीछे बहुत सारी ज़िंदगियाँ खड़ी होती हैं। उनके साथ सिर्फ उनका जीवन नहीं जुड़ा होता। उनके साथ उनके बच्चों के सपने जुड़े होते हैं। उनके साथ उनके अपनों की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। उनके साथ भविष्य से जुड़ी ज़िम्मेदारियाँ होती हैं। उनके साथ उन लोगों का विश्वास जुड़ा होता है जो उन पर भरोसा करते हैं।

वे जानते हैं कि अगर वे रुक गए, तो सिर्फ एक इंसान नहीं रुकेगा। कितने लोगों के सपने ठहर जाएँगे। शायद यही वजह है कि ऐसे लोग टूटकर भी अपने को बिखरने की अनुमति नहीं देते।

वे रोते भी हैं, थकते भी हैं, निराश भी होते हैं, लेकिन रुकते नहीं। कभी-कभी उन्हें भी लगता है कि अब बस। लेकिन फिर अगले ही पल वो अपने से जुड़े लोगों को याद करते हैं, अपने आँसू पोंछते हैं और कहते हैं “चलो, एक बार और कोशिश करते हैं।”

और शायद यही असली साहस है।
कभी न टूटना साहस नहीं है, टूटकर दोबारा खड़ा हो जाना साहस है।
डर के बावजूद आगे बढ़ना साहस है।
निराशा के बीच उम्मीद बचाए रखना साहस है।
शायद जीवन की सबसे बड़ी लड़ाई परिस्थितियों से नहीं, हमारे अपने हारे हुए मन से होती है।
और जिस दिन मन फिर से उठ खड़ा होता है, उसी दिन हार जीत में बदलने लगती है।

अगर आज आप भी किसी कठिन दौर से गुजर रहे हैं, थके हुए हैं, परेशान हैं, निराश हैं, तो ख़ुद को कमजोर मत समझिए क्योंकि थक जाना कमज़ोरी नहीं, रो लेना हार नहीं, कुछ देर के लिए रुक जाना भी गलत नहीं। लेकिन अपनी ताकत को भूल जाना शायद सबसे बड़ी भूल है।

हर इंसान के भीतर ख़ुद को फिर से खड़ा कर लेने की एक अद्भुत क्षमता होती है। बस उस क्षमता को वापस पाने का संकेत और सहारा अलग-अलग हो सकता है।

शायद ज़िन्दगी हमें इसलिए नहीं परखती कि हम कभी टूटते हैं या नहीं, वह यह देखती है कि टूटने के बाद हम अपने भीतर लौटना जानते हैं या नहीं। क्योंकि इंसान की सबसे बड़ी ताकत उसका कभी न गिरना नहीं, बल्कि हर बार गिरने पर, अपने बिखरे हुए विश्वास को समेटकर फिर से उठना है।

अगर आज आपका मन भी थक गया है, अगर रास्ते धुँधले दिखाई दे रहे हैं, अगर ऐसा लग रहा है कि अब आगे कुछ नहीं बचा तो बस इतना याद रखिए…आज का अँधेरा, कभी भी कल की दिशा तय नहीं कर सकता।

हो सकता है, अगली सुबह आपको भी कोई संकेत मिले।चाहे वो ईश्वर हो, कोई किताब, कोई अपना, कोई याद… या फिर आपका अपना ही मन। नाम चाहे जो भी हो, अगर उसने आपको फिर से खड़ा कर दिया, तो वही आपका सबसे बड़ा सहारा है।

हम थक सकते हैं, हम रुक सकते हैं, हम रो सकते हैं।
लेकिन जब तक उम्मीद और ज़िम्मेदारियाँ हमारे साथ है, तब तक हम हार नहीं मान सकते।

क्योंकि हर कठिन दौर हमेशा हमारी कहानी का अंत नहीं होता, कई बार वही हमारी सबसे मजबूत शुरुआत बन जाता है।
और शायद इसी का नाम ज़िंदगी है।

Share the post