बचपन बदला या बच्चों की दुनिया ?

बचपन बदला या बच्चों की दुनिया ?

हमारा बचपन कुछ और था… लेकिन क्या हमने उनके बचपन के लिए वैसी दुनिया छोड़ी है?

“हमारे टाइम पर तो ऐसा नहीं होता था!”

“हम लोग तो सुबह घर से निकलते थे और शाम को ही वापस आते थे।”
“कभी गिल्ली-डंडा, कभी छुपन-छुपाई, कभी पिट्ठू!”
“हमें तो बोर होने का मतलब ही नहीं पता था। तुम लोगों को तो फोन न मिले तो पांच मिनट में बोरियत होने लगती है!”

कभी मम्मी-पापा से ये बातें सुनी थीं। आज शायद हम अपने बच्चों से कह रहे हैं।

और सच कहूं तो हमारी बात गलत भी नहीं है। हमारा बचपन वाकई कुछ अलग था। वो गलियां, वो मैदान, दोस्तों की टोलियां, बिना किसी प्लान के घंटों खेलना, चोट लगने पर ख़ुद ही धूल झाड़कर फिर खेलने लगना… और शाम को मम्मी की आवाज सुनकर घर लौटना।

लेकिन अब सोचती हूं तो एक सवाल मन में आता है…

क्या आज के बच्चों की गलती है कि उनका बचपन हमारे जैसा नहीं है?

हम अक्सर कहते हैं कि बच्चे हर वक्त मोबाइल में लगे रहते हैं, उन्हें बाहर खेलना पसंद नहीं, उनमें धैर्य नहीं है, वो जल्दी बोर हो जाते हैं। लेकिन क्या कभी हमने अपने आसपास देखा है?

वो मैदान कहां हैं जहां हम घंटों खेला करते थे? जिन गलियों में हमारी क्रिकेट की पिच बनती थी, वहां आज गाड़ियां खड़ी हैं। जिन पार्कों में बच्चों की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब खेलने की जगह भी सीमित होती जा रही है। और सिर्फ़ जगह ही नहीं बदली, हमारा रहन-सहन, जीने का तरीका भी बदल गया है।

हम जॉइंट फैमिली में बड़े हुए। घर में दादा-दादी, नाना-नानी, चाचा-बुआ या कोई न कोई ऐसा होता था जिसके पास बैठकर हम अपनी छोटी-बड़ी बातें कर सकें, खेल सकें। पड़ोस के घर जाना, बिना फोन किए दोस्तों के घर पहुंच जाना, गर्मियों की छुट्टियां रिश्तेदारों के यहां बिताना… ये सब हमारी जिंदगी का सामान्य हिस्सा थे। लेकिन क्या आज हम अपने बच्चों को उतनी सहजता से पड़ोस में खेलने भेज पाते हैं? क्या हम उन्हें अकेले पार्क में जाने देते हैं? क्या हमें आज के माहौल में वैसे ही भरोसे और सुरक्षा का एहसास है?

शायद नहीं। और इसके पीछे के हमारे डर जो बेवजह भी नहीं हैं।

आज बच्चों का दिन देखिए। सुबह स्कूल, फिर ट्यूशन, फिर कोई क्लास, फिर होमवर्क। घर में भी कई बार उनके साथ माता-पिता से ज्यादा समय हाउस हेल्प या स्क्रीन बिताती है। हम चाहते हैं कि बच्चा हर चीज सीखे, हर एक्टिविटी में अच्छा करे, हर मौके पर आगे रहे।

लेकिन इस भागदौड़ में कहीं हम उससे उसका बेफ़िक्र बचपन तो नहीं छीन रहे?

हम बच्चों से कहते हैं कि फोन छोड़ो और बाहर खेलो। लेकिन क्या हमने उनके लिए खेलने की जगह, खेलने का समय और खेलने वाले दोस्त छोड़े हैं?

हम चाहते हैं कि वो दोस्तों के साथ खेलें, लेकिन उनके दोस्तों भी शायद स्क्रीन और अलग-अलग एक्टिविटी क्लास में बिज़ी हैं। हम चाहते हैं कि वो रिश्तों को समझें, लेकिन परिवार अब पहले जैसे बड़े और करीब नहीं रहे। हम चाहते हैं कि वो धैर्य रखें, लेकिन उनकी दुनिया में हर चीज एक क्लिक पर उपलब्ध है।

तकनीक को दोष देना भी आसान है। लेकिन सच यह है कि तकनीक आज की ज़िंदगी का हिस्सा है। सवाल ये नहीं है कि बच्चों को स्क्रीन से पूरी तरह दूर कैसे रखें। सवाल ये है कि स्क्रीन के अलावा उनकी दुनिया में और क्या-क्या है?

हर दौर अलग होता है। हम अपने बचपन को वापस नहीं ला सकते और न ही आज के बच्चों को ठीक वैसी ही दुनिया दे सकते हैं। लेकिन क्या हम अपने बचपन की कुछ सबसे खूबसूरत चीजें उन्हें दे सकते हैं?

क्या हम उन्हें कभी बिना किसी शेड्यूल के खेलने दे सकते हैं? क्या उनके साथ बैठकर लूडो, कैरम या कोई ऐसा खेल खेल सकते हैं, जिसमें जीतने से ज्यादा साथ होने की खुशी हो? क्या हम उन्हें दादा-दादी की कहानियों के लौटा सकते हैं? क्या कभी उन्हें मिट्टी में खेलने, बारिश में भीगने, दोस्तों के साथ बेवजह हंसने और कभी-कभी बोर होने की भी आजादी दे सकते हैं?

इस Children’s Day भी बच्चों को खुश करने के लिए स्कूलों में कार्यक्रम होंगे, गेम्स होंगे, गिफ्ट्स मिलेंगे, ख़ूब तस्वीरें खिंचेंगी। लेकिन शायद इस बार हमें बच्चों के लिए कुछ और करना चाहिए।

उनके बचपन की बेफ़क्री लाने की कोशिश करते हैं। उन्हें हर समय कुछ सिखाने की जरूरत नहीं है। हर पल को प्रोडक्टिव बनाने की जरूरत नहीं है। हर खाली समय को किसी क्लास, स्क्रीन या एक्टिविटी से भरने की जरूरत नहीं है।

कभी-कभी बच्चों को खाली छोड़ देना भी जरूरी है क्योंकि उसी खाली समय में उनकी कल्पनाएं जन्म लेती हैं, दोस्ती होती हैं, छोटी-छोटी लड़ाइयां होती हैं और ज़िंदगी के वो सबक मिलते हैं जो कोई किताब नहीं सिखा सकती।

हम अक्सर कहते हैं, “हमारा बचपन कितना अच्छा था!” तो क्यों न इस बार कोशिश करें कि जब हमारे बच्चे बड़े हों, तो वो भी कह सकें… “हमारा बचपन भी बहुत ख़ूबसूरत था!”

आख़िरकार, हम अपना बचपन तो वापस नहीं पा सकते, लेकिन अपने बच्चों के बचपन का हिस्सा बनकर अपने बचपन को दोबारा जीने की कोशिश ज़रूर कर सकते हैं।

Engagement & Share

Comments 0

No comments yet.

Be the first to share your thoughts on this post!

Leave a Comment

Your email address and phone number will remain private. Required fields are marked *

Comments are moderated prior to publishing

Login Required

Please log in to your account to like this blog post and join our community.

Book Appointment Connected Library