क्या यह दुनिया हमारे बच्चों के लिए है?
- |
- 02 Nov 2026
- |
- Children & Teens
AI, टेक्नोलॉजी और सोशल मीडिया की इस दौड़ में कहीं हम अपने बच्चों का बचपन तो नहीं खो रहे?
हम AI के दौर में जी रहे हैं। टेक्नोलॉजी हमारी ज़िंदगी बदल रही है। हमारे काम करने का तरीका बदल रहा है और शायद हमारे सोचने-समझने का तरीका भी।
सोशल मीडिया, गेमिंग और डिजिटल दुनिया ने हमारे लिए ऐसे रास्ते खोल दिए हैं, जिनकी कुछ साल पहले तक हमने कल्पना भी नहीं की थी।
बहुत कुछ मिला है हमें इस दुनिया से, जिसमें से बहुत कुछ विकास के लिए ज़रूरी भी है। लेकिन एक सवाल है, जो एक माँ के तौर पर मुझे बार-बार परेशान करता है।
क्या यह दुनिया हमारे बच्चों के लिए भी उतनी ही सही है, जितनी हमारे लिए है?
पंचकुला से आई हालिया खबर ने भीतर तक झकझोर दिया। खबरों के मुताबिक, एक आठ साल के बच्चे ने छह साल की बच्ची के साथ गंभीर हिंसा की। बच्ची की जान जाते-जाते बची। लेकिन यह कोई अकेली घटना नहीं है। पिछले कुछ समय में ऐसी कई खबरें सामने आई हैं, जहाँ कम उम्र के बच्चे हिंसा और गंभीर अपराधों में शामिल पाए गए हैं – कभी दूसरों को नुकसान पहुँचाते हुए, तो कभी ख़ुद को।
मैं यह नहीं कह रही कि इन घटनाओं के पीछे AI या टेक्नोलॉजी ही कारण है। किसी बच्चे के व्यवहार को समझने के लिए कई पहलुओं को देखना ज़रूरी है। लेकिन यह घटना मन में कई सवाल छोड़ जाती है। क्या हम अपने बच्चों के आसपास बदलती दुनिया को उतनी गंभीरता से समझ पा रहे हैं, जितनी गंभीरता से हमें समझने की ज़रूरत है?
AI, टेक्नोलॉजी, गेमिंग और सोशल मीडिया की यह दुनिया जिस तरह हमारे सामने खुल रही है, क्या वह बच्चों के कोमल बचपन के लिए भी उतनी ही सही है? जितना AI और टेक्नोलॉजी हमें दे रही है, क्या उससे कहीं ज़्यादा हमसे छीन रही है? और अगर ऐसा है, तो इसकी सबसे बड़ी कीमत हमारे बच्चे चुका रहे हैं।
आज बच्चे होमवर्क भी स्क्रीन पर कर रहे हैं। हर खेल भी स्क्रीन पर खेल रहे हैं। दोस्त भी इंटरनेट पर बना रहे हैं। अपनी सोशल लाइफ़ भी सोशल मीडिया पर जी रहे हैं। यहाँ तक कि अपनी खुशी, अपनी पहचान भी सिर्फ लाइक और कमेंट में तलाशने लगे हैं।
जिस उम्र में एक बच्चे को ख़ुद अपने अनुभवों से सीखना चाहिए, जब उसका दिमाग विकसित हो रहा होता है, जब उसे गिरकर उठना, सवाल पूछना, चीज़ों को समझना और अपनी कल्पनाओं को आकार देना चाहिए…उस उम्र में हम उसे एक ऐसी दुनिया के सामने रख रहे हैं, जहाँ हर चीज़ तुरंत मिल जाती है।
हर सवाल का जवाब। हर खेल का एक नया लेवल। हर पोस्ट पर तारीफ़। हर मुश्किल का एक आसान रास्ता।
लेकिन क्या हम कभी रुककर सोचते हैं कि इस आसानी की कीमत क्या है?
बच्चे धीरे-धीरे ख़ुद सोचना भूल रहे हैं। बोर होने पर अपने लिए कोई नया खेल बनाना भूल रहे हैं। अपने आसपास की दुनिया को ध्यान से देखना और महसूस करना भूल रहे हैं।
और सबसे चिंताजनक बात यह है कि कहीं वे दूसरों के दर्द और तकलीफ़ को महसूस करने की संवेदना तो नहीं खो रहे? कहीं इस डिजिटल दुनिया की तेज़ रफ़्तार में उनका बचपन पीछे तो नहीं छूटता जा रहा?
बच्चों को दुनिया explore करनी चाहिए, सिर्फ स्क्रीन नहीं
एक बच्चा जब असल में तितली के पीछे भागता है, उसे करीब से देखता है, उसके पंखों के रंगों को निहारता है, तब वह सिर्फ़ तितली के बारे में जानकारी नहीं जुटा रहा होता। वह यह भी महसूस करता है कि तितली कितनी नाज़ुक है। उसे पकड़ने की कोशिश में उसके पंखों को नुकसान पहुँच सकता है। ये एक छोटा सा अनुभव है, लेकिन इस अनुभव में जिज्ञासा(Curiosity) है, कल्पना(imagination) है, empathy (संवेदना) है, देखने और सीखने की इच्छा है।
वहीं दूसरी तरफ़ स्क्रीन उसे तितली के बारे में बता सकती है, लेकिन उसके रंगों की ख़ूबसूरती, उसके नाज़ुक होने को समझना, वास्तविक अनुभव से ही आता है। प्रकृति के बीच बिताया गया वह छोटा-सा अनुभव बच्चे के भीतर एक अलग तरह की संवेदना जगाता है। और हर बचपन को सिर्फ जानकारी ही नहीं, संवेदना भी चाहिए।
जानकारी मिलना और अनुभव से सीखना, दोनों एक बात नहीं हैं
बच्चों के लिए सिर्फ दुनिया को जानना काफ़ी नहीं है। उन्हें दुनिया को महसूस भी करना चाहिए। उन्हें मिट्टी में खेलना चाहिए। पेड़ों पर चढ़ना चाहिए। बारिश में भीगना चाहिए। मैदान में दौड़ना चाहिए। उन्हें कभी-कभी गिरना भी चाहिए। क्योंकि गिरकर उठना ही उन्हें आगे के लिए तैयार करेगा। उन्हें बचपन की वे छोटी-छोटी शरारतें भी करने दीजिए, जिन्हें याद करके बड़े होने पर उनके चेहरे पर मुस्कान आ जाए।
जब बच्चा ख़ुद कोई सवाल हल करता है, तो वह सिर्फ़ जवाब नहीं खोजता। वह सोचता है, कोशिश करता है, गलती करता है और फिर दोबारा कोशिश करना सीखता है। जब बच्चा ख़ुद कुछ नया बनाता है, तो उसे अपनी मेहनत से खुशी मिलती है। लेकिन अगर हर सवाल का जवाब तुरंत मिल जाए, हर मुश्किल का हल स्क्रीन और इंटरनेट दे दे, हर काम किसी और की मदद से हो जाए, तो बच्चों को सीखने के पर्याप्त मौके कैसे मिलेंगे?
बच्चों के दिमाग को सिर्फ जानकारी ही नहीं चाहिए, उन्हें समय चाहिए, अनुभव चाहिए, गलतियाँ करने की आज़ादी चाहिए। उन्हें ख़ुद सोचने का मौका चाहिए।
बच्चों को सिर्फ़ स्मार्ट नहीं, संवेदनशील भी बनाइए
हम अपने बच्चों को दुनिया जीतना तो सिखा रहे हैं, लेकिन क्या हम उन्हें किसी टूटे हुए इंसान का दर्द समझना भी सिखा रहे हैं? हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे हर प्रतियोगिता में आगे रहें, लेकिन क्या हम उन्हें यह भी सिखा रहे हैं कि ज़िंदगी प्रतियोगिता भर नहीं है? किसी बच्चे को भले ही हर सवाल का जवाब पता हो, वह तकनीक में माहिर हो, पढ़ाई में सबसे आगे हो, लेकिन अगर उसे किसी के आँसू की क़ीमत नहीं पता, तो उसकी शिक्षा अधूरी है।
बच्चों को सिर्फ़ पढ़ा-लिखा, समझदार, सफल बनाना ही हमारी ज़िम्मेदारी नहीं है। उन्हें संवेदनशील बनाइए। उन्हें अपनी भावनाओं को पहचानना, उन्हें सही तरीके से व्यक्त करना और दूसरों की भावनाओं का सम्मान करना सिखाइए।
उन्हें समझाइए कि किसी की आँखों में आँसू देखकर रुकना, किसी की तकलीफ़ को महसूस करना, किसी कमज़ोर का साथ देना और किसी को चोट पहुँचाने से पहले उसकी पीड़ा के बारे में सोचना भी सीखने का हिस्सा है। उन्हें यह एहसास कराइए कि सामने वाला इंसान भी उन्हीं की तरह महसूस करता है। उसे भी दर्द होता है, डर लगता है, और वह भी प्यार और सम्मान का हक़दार है।
और यह सब सिखाने के लिए ज़रूरी है कि हम ख़ुद भी उनके साथ समय बिताएँ। उनके सवाल सुनें, उनकी बातें समझें, उनके साथ खेलें। क्योंकि बच्चे सिर्फ़ हमारी सीख से नहीं, हमारे व्यवहार से भी बहुत कुछ सीखते हैं।
AI की मदद से ख़ुद को बेहतर बनाना, हर सवाल का जवाब जानना या दुनिया की सबसे बड़ी डिग्री हासिल करना बेशक अच्छी बात है, लेकिन इन सबसे कहीं ज़्यादा ज़रूरी है एक अच्छा इंसान बनना। ऐसा इंसान, जो किसी दूसरे के दर्द को महसूस कर सके, किसी के आँसू देखकर ठहर सके और अपनी सफलता की दौड़ में इंसानियत को पीछे न छोड़ दे।
ज्ञान बिना संवेदना के अधूरा है। और हमें ऐसे बच्चे नहीं, ऐसे इंसान बड़े करने हैं, जो दुनिया को सिर्फ़ समझें नहीं… उसे थोड़ा और बेहतर भी बनाएँ।
शायद हमें भी एक बार फिर अपने बचपन की तरफ़ लौटकर देखना चाहिए और सोचना चाहिए कि जो छोटी-छोटी चीज़ें हमें एक बेहतर इंसान बनाती थीं, क्या हम वही अनुभव अपने बच्चों को दे पा रहे हैं?
क्योंकि आख़िर में सवाल सिर्फ़ यह नहीं है कि हमारे बच्चे इस दुनिया के साथ कितने आगे बढ़ रहे हैं, सवाल यह भी है कि इस दुनिया की दौड़ में उनका बचपन कितना पीछे छूट रहा है।
Comments 0
No comments yet.
Be the first to share your thoughts on this post!